logo

रांची का अशोक होटल राज्य सरकार के हवाले, नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री और सुदिव्य सोनू की बैठक में बनी सहमति

SONU032652.jpg

रांची 
झारखंड के पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत से शिष्टाचार भेंट की। यह बैठक झारखंड में पर्यटन के समग्र विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों और योजनाओं पर चर्चा के लिहाज से बेहद अहम रही। इसमें रांची के अशोक होटल को राज्य सरकार को हस्तांतरण पर सहमति बनी। 
बैठक के दौरान राज्य में ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने, विरासत स्थलों के संरक्षण और पर्यटन से जुड़े संस्थागत विकास पर गहन विचार-विमर्श हुआ। मंत्री सोनू ने बताया कि केंद्रीय मंत्री से निम्नलिखित प्रमुख बिंदुओं पर सकारात्मक चर्चा हुई:


•    अशोक होटल, रांची का राज्य सरकार को हस्तांतरण: रांची स्थित अशोक होटल के झारखंड सरकार को हस्तांतरण पर सैद्धांतिक सहमति बन गई है। इससे राजधानी में पर्यटन आधारभूत संरचना को बल मिलेगा।
•    स्वदेश दर्शन 2.0 के तहत ईको-टूरिज्म परियोजनाएं: चण्डील, नेतरहाट और तेनुघाट जैसे स्थलों पर ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए नई परियोजनाओं की योजना बनाई गई है।
•    विशेषीकृत पर्यटन संस्थान की स्थापना: अन्य राज्यों की तर्ज़ पर झारखंड में भी IITTM मॉडल पर आधारित एक विशेषीकृत पर्यटन संस्थान स्थापित करने का प्रस्ताव रखा गया, जिससे युवाओं को पर्यटन क्षेत्र में प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर मिल सकें।
•    राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मेलों का आयोजन: राज्य में पर्यटन को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए MoT (केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय) और राज्य सरकार के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पर्यटन मेलों के आयोजन पर सहमति बनी।
•    विरासत स्थलों का संरक्षण: झारखंड के पुरातात्विक और विरासत स्थलों के संरक्षण व संवर्धन के लिए केंद्र सरकार से तकनीकी व वित्तीय सहयोग की मांग की गई।
मंत्री सुदिव्य सोनू ने केंद्र सरकार से इन सभी योजनाओं के क्रियान्वयन में सहयोग का अनुरोध किया, जिससे झारखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर एक विशिष्ट पहचान दिलाई जा सके।

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest